बस्ती। लोकसभा सामान्य निर्वाचन 2019 में कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रहे राजकिशोर सिंह व उनकी पत्नी सुमन सिंह करोड़पति हैं। इनके पास चल अचल सम्पत्ति के अलावा लखनऊ में मकान व गाजियाबाद में आवासीय प्लॉट है। तीन बार प्रदेश के काबीना मंत्री रहे स्नातक शिक्षित राजकिशोर सिंह पर कोई मुकदमा कहीं नहीं है। वे बेदाग हैं। ऐसा शपथ पत्र दाखिल किया है।
शनिवार को लोकसभा निर्वाचन में दाखिल हलफनामे की मानें तो कांग्रेस प्रत्याशी राजकिशोर सिंह ने वर्ष 2017-18 में 6.06 लाख रुपये का आयकर दिया जबकि इनकी पत्नी ने 18.70 लाख की आयकर फाइल की है। इनके पास अचल संपत्ति 30.28 लाख रुपये जबकि पत्नी के पास 33.84 लाख है। राजकिशोर की चल संपत्ति 39.77 लाख व पत्नी सुमन सिंह की चल संपत्ति 75.54 लाख है। राजकिशोर के पास स्व अर्जित संपत्ति 39.27 लाख जबकि इनकी पत्नी ने 25.54 लाख स्वयं के मेहनत से अर्जित किया है। पति व पत्नी के पास नकदी के रूप में महज दो-दो लाख रुपये हैं। राजकिशोर सिंह के पास लखनऊ व बस्ती में कुल तीन बैंक खाते है जबकि पत्नी के पास दो बैंक खाते हैं। इनके तीनों खातों में करीब दस लाख जबकि पत्नी के खाते में करीब सवा दो लाख रुपये जमा हैं। राजकिशोर सिंह के पास 4.28 लाख का विकास पत्र तो दस लाख की फिक्स डिपोजिट है। राजकिशोर की पत्नी के पास लखनऊ में पक्का मकान जिसकी अनुमानित बाजार कीमत तीन करोड़ हलफनामे में बताई गई है। राजकिशोर सिंह के पास गाजियाबाद में 3225 वर्ग फीट का आवासीय प्लॉट के अलावा पत्नी के पास लखनऊ में 19478 वर्ग फीट का प्लॉट है। हलफनामे में राजकिशोर सिंह ने अपने आय का मुख्य स्रोत कृषि व स्वयं की पेंशन बताई है जबकि पत्नी सुमन सिंह के आय का स्रोत हलफनामे में सिलाई कढ़ाई व मकान का किराया दर्शाया गया है। वहीं दूसरी ओर शनिवार को पर्चा दाखिल करने वाले भासपा प्रत्याशी विनोद राजभर सामान्य परिवार के साथ आयकर मुक्त हैं। उन्होंने कुल संपत्ति का ब्योरा 40 हजार रुपये दिया है।