19 अप्रैल तक 19500 क्विंटल गन्ने की पेराई हुई
- फोटो : अमर उजाला
मुंडेरवा। गन्ने के अभाव में रुक-रुक कर हो रही पेराई के बाद रविवार से अब चीनी बनाई जाएगी। नवनिर्मित शुगर मिल में 19 अप्रैल तक 19,500 क्विंटल गन्ने की पेराई हो चुकी है। गन्ने की आवक बढ़ाने के लिए 19 केंद्रों के गन्ने आपूर्ति को फ्री कर दिया गया है।
383 करोड़ रुपये से निर्मित शुगर मिल की क्षमता प्रतिदिन 50 हजार क्विंटल गन्ना पेराई की है। मिल के महाप्रबंधक ब्रजेंद्र द्बिवेदी ने बताया कि 19 अप्रैल को 4009.56 क्विंटल गन्ने की पेराई की गई। अब तक 19,500 क्विंटल गन्ने की पेराई हो चुकी है। अभी 500 क्विंटल गन्ना डंप किया गया है जिससे किसानों का गन्ना धूप में न रहे। बताया कि जो भी गन्ना शुगर मिल में पहुंच रहा है उसकी तौल करा ली जा रही है। जीएम ब्रजेंद्र द्बिवेदी ने बताया कि छह दिन तक 19 केंद्रों के गन्ने की सप्लाई फ्री कर दी गई है। रविवार को नवनिर्मित शुगर मिल में चीनी बनेगा और पैकिंग की जाएगी। गन्ने के अभाव में मिल को बंद करना पड़ जा रहा है। कहा कि 50 हजार क्विंटल प्रतिदिन पेराई की क्षमता वाले नवनिर्मत शुगर मिल में महज 19,500 क्विंटल गन्ने की पेराई हो सकी है। जीएम का कहना है कि अभी शुरुआती दौर में शुगर मिल में किसी भी तरह की कोई समस्या नहीं आई है। नवनिर्मित शुगर मिल में नई टेक्नोलॉजी की मशीनें लगी हैं।