बस्ती। आम लोगों को दौड़ भाग से बचाने के लिए आयोजित होने वाला समाधान दिवस शनिवार को औपचारिकता के बीच निपट गया। कोतवाली सहित जिले के विभिन्न थानों में पंजीकृत हुए 42 मामलों में से महज 12 का निस्तारण हुआ। शेष में तारीख दे दी गई।
कोतवाली थाने में आए पांच मामलों में से महज दो का निस्तारण हुआ। पुरानी बस्ती में थानाध्यक्ष सर्वेश राय की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में कुल आठ मामले पंजीकृत हुए, मगर इसमें से किसी का भी निस्तारण नहीं हो सका। सोनहा प्रतिनिधि के अनुसार प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र की अध्यक्षता में आयोजित दिवस में कुल सात मामले आए, जिसमें से तीन का निस्तारण हुआ। तीनों मामले पुलिस से संबंधित थे। बनकटी प्रतिनिधि के अनुसार लालगंज में थाना दिवस महज दिखावा बन कर रह गया है। यहां मामलों के निस्तारण में जिम्मेदार रुचि नहीं ले रहे हैं। ऐसे में फरियादियों का मोह समाधान दिवस से टूट रहा है। शनिवार को हुए समाधान दिवस में कुल चार मामलों की सुनवाई हुई, जिसमें से एक का निस्तारण हुआ। कलवारी प्रतिनिधि के अनुसार प्रभारी निरीक्षक जयवर्धन सिंह की अध्यक्षता में आयोजित थाना दिवस में चौदह मामले पंजीकृत हुए, जिसमें से चार का निस्तारण हुआ। दस मामलों में तारीख दे दी गई।