दुबौलिया क्षेत्र के गांव में हफ्ते भर से दहशत
अमर उजाला ब्यूरो
दुबौलिया। क्षेत्र के पकड़ी रेहरवा गांव में रविवार रात फिर तेंदुआ देखा गया। जिससे चलते गांव वालों में दहशत है। हालांकि अभी तक किसी प्रकार की क्षति नहीं पहुंचाई है।
गांव के सीवान में एक सप्ताह पहले लोगों ने तेंदुआ देखा था। जिसकी सूचना पर शुक्रवार को दो वन गार्ड गांव में पहुंच कर आसपास के इलाकों में तलाश भी की थी। जिसके पद चिह्न नहीं मिलने से गांव वालों से पूछताछ कर चले गए। रविवार की शाम करीब आठ बजे गांव के ही आलोक सिंह व जय किसन सिंह कार से दुबौलिया बाजार से वापस घर जा रहे थे। कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय से पहले पुलिया के पास सड़क पार करता तेंदुआ दिखाई दिया। मौके पर गाड़ी रोक कर अन्दर से ही फोटो लेने की कोशिश की। हालांकि तब तक तेंदुआ सडक पार कर गन्ने में चला गया। गांव में जानकारी होते ही लोगों में दहशत बढ़ गई। गांव वालों का कहना है कि यह तेंदुआ पिछले एक सप्ताह से आस पास के स्थानों पर दिखाई दे रहा है।
सोमवार को फिर वन दरोगा विनोद कुमार यादव, वन रक्षक विजय प्रताप सिंह, अजय कुमार भारती , राम मूरत यादव आदि पहुंचे और आस पास के लोगों से जानकारी ली। वन क्षेत्राधिकारी कप्तानगंज सुरेन्द्र प्रसाद कन्नौजिया ने बताया कि जानकारी में है। मौके पर टीम भी गई थी।फुटेज व पद चिन्हों के आधारा पर तेंदुआ कहना जल्दबाजी होगी ।
---------------------------------------
विरोध प्रदर्शन पर उतरे गांव के लोग
लगातार सूचना के बाद भी तेंदुआ को पकड़ने की कोशिश नहीं करने से गांव के लोग नाराज हो गए। वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते विरोध प्रदर्शन किया।सोमवार दोपहर पकड़ी रेहरवा में वन विभाग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे जयकिशन सिंह, सोनू सिंह, अनुज सिंह, सौरभ सिंह सहित तमाम लोगों ने बताया कि वन विभाग सिर्फ कोरम पूरा कर रहा है। हम लोग अकेले अपने खेतों में नहीं जा रहे हैं।