- सेफ सिटी योजना के तहत प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगाए जाएंगे कैमरे
- नगर पालिका में बनेगा कंट्रोल रूम, साढ़ 95 लाख रुपये की आएगी लागत
बस्ती। शहर वासियों की सुरक्षा के लिए नगर पालिका परिषद ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। सेफ सिटी योजना के तहत शहर के प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर आधुनिक 100 सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। प्रस्ताव की मंजूरी मिलने के बाद बजट भी आवंटित कर दिया गया है। योजना के तहत करीब 95.45 लाख रुपये की लागत आएगी। प्रथम किस्त के रूप में 45 लाख रुपये आवंटित भी कर दिए गए हैं।
बताया गया है कि, इसके लिए शहर के कंपनीबाग, कटरा, सुभाष चौक, रौता, शास्त्री चौक, अमहट, रोडवेज, मालवीय रोड, पुरानी बस्ती के पांडेय बाजार, मंगल बाजार, सुर्तीहट्टा आदि प्रमुख स्थानों को चिह्नित किया गया है। सीसीटीवी कैमरों की स्थापना से शहर में चोरी, लूटपाट और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर जहां नियंत्रण लगेगा, साथ ही यातायात व्यवस्था को सुधारने और जाम की समस्या से निपटने में भी यह व्यवस्था कारगर साबित होगी।
इसके अलावा, सफाई व्यवस्था में भी व्यापक सुधार की उम्मीद है। कूड़ा व गंदगी दिखने पर संबंधित अधिकारी कर्मी को हिदायत देंगे और जल्द साफ-सफाई होगी। इससे डोर-टू-डोर कूड़ा उठान में सहायता मिलेगी। इसके लिए नगर पालिका में कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। जहां से कैमरे पर सभी गतिविधियों की निगरानी होती रहेगी। अलग से कर्मी लगाए जाएंगे।
सेफ सिटी योजना के तहत शहर में सीसीटीवी कैमरे लगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके लिए 95.45 लाख रुपये के बजट की मंजूरी मिली है। प्रथम किस्त की धनराशि मिल गई है। ये कैमरे अत्याधुनिक होंगे, जिससे संदिग्ध गतिविधियों पर आसानी से नजर रखी जा सकेगी। साथ ही सभी कैमरों को कंट्रोल रूम से जोड़ा जाएगा, ताकि किसी भी घटना पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
- अंगद गुप्ता, ईओ, नगर पालिका, बस्ती