बिजली के तार की चिंगारी से 10 बीघा गेहूं की फसल राख
- फोटो : अमर उजाला
कलवारी (बस्ती)। पॉवर कॉरपोरेशन के कर्मियों की लापरवाही की सजा किसान भुगत रहे हैं। खेतों में लटक रहे तार हवा चलने से टकरा रहे हैं। इससे निकलने वाली चिंगारी लाखों की फसल स्वाहा कर रही है। रविवार को चकदहा गांव में 10 बीघा गेहूं की फसल जलकर राख हो गई।
चकदहा गांव में पूर्व माध्यमिक विद्यालय के पीछे से गुजरा हाईटेंशन तार के अचानक टूट कर गिरने से निकली चिंगारी से खेत में खड़ी गेहूं की फसल में आग लग गई। हादसे में गांव के छह किसानों का लगभग दस बीघे गेहूं फसल जलकर राख हो गई। घटना दोपहर 12 बजे की है। तेज हवाओं के बीच बिजली का तार अचानक पोल से कट कर गिर गया। देखते ही देखते मिठाईलाल की गेहूं की फसल जलने लगी। लोग जब तक जुटते शौकत, वृजभान, अजीज, झिनकान तथा राम केश की भी फसल जल कर खाक हो गई। किसानों और दमकल कर्मियों ने आग पर किसी तरह काबू पा लिया। मौके पर पहुंचे राजस्व निरीक्षक हरेंद्र सिंह, लेखपाल दुर्गेश पाण्डेय ने नुकसान की रिपोर्ट तैयार की है जो तहसील प्रशासन को देंगे।