सरनागी गांव के सिवान में आग लगने से जली गेहूं की फसल-संवाद
बभनान। खेत में बिजली का तार गिरने से गेहूं के खड़ी फसल में आग लग गई। आग की लपट इतनी तेज थी कि जब तक लोग काबू पाते 10 बीघे फसल जलकर राख हो गई। बाद में ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सूचना के बाद राजस्व विभाग की टीम में क्षति का आकलन कर रिपोर्ट देने की बात कही है।
जानकारी के अनुसार बभनान कस्बे से सटे पैकोलिया थाना क्षेत्र के सरनागी गांव के सीवान में बुधवार को दोपहर 1:30 बजे बभनान पावर हाउस के गौर फीडर पर सप्लाई चालू हुई। इसी बीच जर्जर तार अचानक धूं-धूं कर जलने लगा। उसकी चिंगारी ने गेहूं की पकी फसल को अपनी चपेट में ले लिया। इससे सरनागी गांव के गौरीशंकर सिंह, तारा देवी, श्यामलाल कश्यप, शिवलाल, टेगनू, ललित कुमार व महेंद्र कुमार के गेहूं के खेत में आग फैल गई। सूचना के बाद हल्के के राजस्व निरीक्षक अशोक कुमार सिंह, लेखपाल सर्वेश कुमार ने मौके पर पहुंचकर किसानों के फसल की क्षति का आकलन किया।
इस संबंध में लेखपाल सर्वेश कुमार ने बताया कि सात किसानों के 10 बीघे गेहूं की फसल जली है। टीम द्वारा क्षति का आकलन किया गया है। इसकी रिपोर्ट भेजी जाएगी।