बदायूं। सहसवान क्षेत्र के गांव रसूलपुर बेला में जमीन के विवाद के चलते युवक को घेरकर अंधाधुंध फायरिंग करने का मामला सामने आया है। एक गोली युवक के पैर में लगी, जिससे वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा।
उमेश सिंह ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा अरविंद्र (23) 21 नवंबर की रात करीब साढ़े 9 बजे गांव में पानी की टंकी पर रखवाली के लिए बाइक से निकला था। तभी घात लगाए बैठे मुनेश सिंह, उसके दो बेटे सोनू व मोनू तथा गप्पू लोधे ने उसे घेर लिया। आरोप है कि गाली-गलौज का विरोध करने पर आरोपियों ने अवैध राइफल व तमंचों से जान से मारने की नीयत से अंधाधुंध फायरिंग कर दी। एक गोली उसके पैर में लगी। चीख सुनकर पिता व चचेरा भाई दिनेश मौके पर पहुंचे तो आरोपी फायर करते हुए धमकी देकर भाग गए।
पुलिस घायल को सहसवान के सरकारी अस्पताल में ले गई, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। सीओ सहसवान अशोक कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। जांच कराई जा रही है।