बहेड़ी (बरेली)। नैनीताल हाईवे के किनारे स्थित होटल ताज दिल्ली दरबार में शुक्रवार को दूसरे समुदाय का युवक नाबालिग छात्रा के साथ आपत्तिजनक हालत में मिला। पूछताछ के दौरान कस्बे में किराये पर कमरा लेकर रहने वाली वाराणसी निवासी 16 वर्षीय आईटीआई छात्रा ने युवक पर फुसलाकर होटल ले जाने व दुष्कर्म करने का आरोप लगाया। तहरीर के आधार पर आरोपी मुजाहिद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
नाबालिग छात्रा के दूसरे समुदाय के युवक के साथ होटल के एक कमरे में होने की सूचना पर आरएसएस, हिंदू जागरण मंच सहित अन्य संगठनों के पदाधिकारी पुलिस को साथ लेकर सुबह करीब पांच बजे यहां पहुंचे थे। दरवाजे खुलवाने पर युवक आपत्तिजनक हालत में मिला।
पूछताछ में छात्रा ने बताया कि आरोपी उसे फुसलाकर लाया था। दुष्कर्म किया। दोनों को थाने लाया गया। छात्रा ने आरोपी के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने पॉक्सो सहित अन्य धाराओं में आरोपी के खिलाफ मामला पंजीकृत किया है।
छात्रा के परिजनों को सूचना देने के साथ ही उसका मेडिकल कराया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। यहां से उसे जेल भेज दिया गया। इंस्पेक्टर दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि आरोपी के मोबाइल फोन की जांच की जा रही है।
होटल संचालक को बचाने का आरोप
हिंदू जागरण मंच युवा के जिला अध्यक्ष हिमांशु पटेल, अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के बरेली विभाग अध्यक्ष शानू गंगवार ने पुलिस पर होटल संचालक को बचाने का आरोप लगाया। कहा कि होटल में बिना पर्याप्त सत्यापन के लोगों को ठहराया जा रहा है, जिससे इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं। पुलिस ने जानबूझकर होटल को सील नहीं किया। हालांकि, विरोध के बाद पुलिस ने होटल का आगंतुक रजिस्टर और डीवीआर कब्जे में लिया है।
छात्रा को जोया नाम से ठहराया था
आरएसएस के पदाधिकारी निशीथ गंगवार, राजा भाटी, अरविंद दिवाकर ने बताया कि आरोपी ने छात्रा को फर्जी नाम जोया से होटल में ठहराया था। आरोपी बिरयानी बेचता है। उसके पास कार भी है। वह लग्जरी लाइफ स्टाइल दिखाकर समुदाय विशेष की लड़कियों को झांसे में लेता है। उनको या तो अनैतिक कार्य में लगा दिया जाता है या फिर धर्म परिवर्तन करा दिया जाता है। लंबे समय से यह रैकेट चल रहा है। उन्होंने धर्म परिवर्तन की धारा में भी कार्रवाई करने की मांग की।
लला गद्दी ने भी इसी होटल परिसर में की थी फायरिंग
अतीक और अशरफ के गुर्गे लला गद्दी ने कुछ साल पहले इसी होटल परिसर में डीजे पर डांस के दौरान कई राउंड फायरिंग की थी। उस दौरान मामला भी दर्ज किया गया था। उस वक्त होटल का नाम नैनीताल टूरिस्ट होटल था। लला गद्दी प्रकरण के तुरंत बाद नाम बदल दिया गया।