छह फरवरी तक मतदाता बनने का मौका, डीएम ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक
बरेली। विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची के एसआईआर (विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण) अभियान में वोटर बनने का युवाओं में उत्साह दिख रहा है। 18 वर्ष की आयु पूरी कर लेने वाले 51 हजार से अधिक युवाओं ने मतदाता बनने के लिए फॉर्म भर दिया है। अभी इनकी संख्या में वृद्धि होने की उम्मीद जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम को है। चूंकि, प्रकाशित मतदाता सूची पर छह फरवरी तक दावा-आपत्ति प्राप्त करने का समय है।
डीएम अविनाश सिंह बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में प्रकाशित मतदाता सूची के संबंध में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर रहे थे। उन्होंने बताया कि जो लोग वोटर बनने से वंचित रहे गए हैं ऐसे लोगों को 27 फरवरी तक मौका है। डीएम ने बताया कि एक जनवरी 2026 तक जिन लोगों की आयु 18 वर्ष हो गई है, उन्हें मतदाता बनने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। अभी तक 51,202 युवाओं ने वोटर बनने के लिए फाॅर्म-6 भरकर जमा भी कर दिया है। उन्होंने मतदाता सूची में युवाओं की संख्या बढ़ाने के लिए राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा कि अपने क्षेत्र में कोई पात्र युवक मतदाता बनने से वंचित न रहे, इस पर ध्यान दें। डीएम ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को बताया कि संभाजन के बाद जिले में कुल 1940 मतदान केंद्र और 3835 बूथ हैं। इसमें 336 बूथ नए हैं। इन नए बूथों पर बीएलओ की तैनाती कर दी गई है। संवाद
-
प्रक्रिया के बिना मतदाता सूची से नहीं हटेगा कोई नाम
डीएम ने बताया कि अब छह फरवरी तक दावा-आपत्ति स्वीकार किए जाएंगे। इनकी जांच के लिए नौ निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और 133 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि निर्धारित प्रक्रिया के बिना मतदाता सूची से कोई नाम हटाया नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि एसआईआर अभियान में नौ निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी व 45 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, 3499 बीएलओ और राजनीतिक दलों के 12,732 बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) की सक्रिय भूमिका रही है। अभियान के दौरान समस्याओं के समाधान के लिए जिला स्तरीय संपर्क केंद्र (डीसीसी) संचालित हुआ, जिसमें 56 फोन कॉल का समाधान किया गया। डीएम ने बताया कि नो-मैपिंग वाले 2.20 लाख वोटरों को नोटिस जारी किया जा रहा है। यह लोग अपना पक्ष निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के समक्ष रख सकते हैं।
मतदाता सूची के ड्राफ्ट प्रकाशन एक नजर
26.91 लाख वोटरों की ड्राफ्ट सूची बनी।
14.82 लाख पुरुष मतदाता बने।
12.08 लाख महिला वोटर बनीं।
53 थर्ड जेंडर बने वोटर बने।
34.05 वोटर एसआईआर से पूर्व थे।
7.14 लाख वोटर अपात्र मिले।