क्योलड़िया। क्षेत्र के केलाडांडी गांव के राजकुमार को साइबर ठगों ने 60,000 रुपये का चूना लगाया। ठगों ने उनको शेयर बाजार में कम समय में अधिक लाभ दिलाने का झांसा दिया था। शिकायत पर साइबर क्राइम पोर्टल और स्थानीय पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
राजकुमार ने पुलिस को बताया कि 30 जुलाई को उनके पास अज्ञात मोबाइल नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को ग्लोबल मनी सिक्योर कंपनी का ब्रोकर आलोक कुमार बताया। उसने कंपनी के जरिये स्टॉक मार्केट में निवेश पर भारी रिटर्न का झांसा दिया। भरोसा जीतने के लिए पहले 1,000 रुपये से ट्रेडिंग खाता खुलवाया गया। इसके बाद ठगों ने व्हाट्सएप पर बात कर राजकुमार को अपने झांसे में लिया। उन्होंने ट्रेडिंग फीस, कर और अन्य शुल्कों के नाम पर रुपये मांगे।
ठगों ने दिनेश निहाल और सुनील मालविया जैसे बैंक खाताधारकों के यूपीआई आईडी पर कई किस्तों में कुल 60,000 रुपये ट्रांसफर करवाए। आरोप है कि जब राजकुमार ने रुपये वापस मांगे तो आरोपियों ने उनसे संपर्क तोड़ दिया। ठगी का एहसास होने पर उन्होंने नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। क्योलड़िया थाने में भी तहरीर दी। सीओ नीलेश मिश्रा के मुताबिक, आईपी एड्रेस और बैंक खातों के विवरण के आधार पर जालसाजों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।