बिथरी चैनपुर। बरेली-लखनऊ हाईवे पर रजऊ परसपुर जीरो प्वाइंट के पास अज्ञात वाहन ने बाइक सवार चार लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर घायल हो गए। मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
थाना भुता के गांव फैजनगर निवासी सगे भाई किष्णु और विष्णु रविवार को बाइक से बरेली आए थे। इनके साथ सारीपुर निवासी कृष्णपाल और हरीश भी थे। सभी एक ही बाइक पर शाम को वापस गांव लौट रहे थे। रास्ते में रजऊ परसपुर तिराहे के पास बाइक को विपरीत दिशा से आ रहे अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी।
हादसे के समय कोई भी हेलमेट नहीं लगाए था। किष्णु (17) की मौके पर ही मौत हो गई। अन्य तीनों गंभीर घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवा दिया। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद किष्णु का शव परिवार वालों के सुपुर्द कर दिया गया।
संवाद