बहेड़ी। कोतवाली क्षेत्र के मुड़िया नवी बख्श मार्ग स्थित गांव राजपुर के पास रविवार की रात अज्ञात वाहन की टक्कर से नहर में बाइक सहित गिरकर युवक की मौत हो गई। सोमवार तड़के नहर में बाइक सहित युवक का शव पड़े होने की सूचना से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों से सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई।
इंस्पेक्टर संजय तोमर ने शव को पानी से बाहर निकलवाकर युवक के शव की शिनाख्त करवाई। थोड़ी देर बाद पहुंचे ससुर रमेश चंद्र ने युवक की पहचान अपने दामाद विकास गंगवार निवासी ग्राम दुगना शरीफनगर थाना देवरनियां के रूप में की है। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
युवक के ससुर रमेश चंद्र के अनुसार रविवार सुबह 10 बजे के करीब दामाद विकास गंगवार खेत की मेड़ पर पापुलर के पेड़ लगाने को लेकर पालपुर के पौधे देखने के लिए मुड़िया नवी बख्श बाइक से गए थे। उन्होंने बताया कि उसी दिन शाम में बेटा गांव लवेदा से आते वक्त दामाद से मिला गया था। बातचीत के बाद बेटा आगे निकल गया। इसके बाद बेटे ने दामाद को फोन कर यह जानने की कोशिश कि वह कहां तक पहुंचे, पर फोन रिसीव नहीं हुआ। घर आने के बाद बेटे सहित परिजनों ने दामाद को देर-रात तक फोन किए, पर फोन पर कोई जवाब नहीं मिला। सुबह दामाद की तलाश में निकले तो शव नहर में पड़ा मिला। बाइक की हालत देखकर ऐसा लगता है कि किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह बाइक सहित नहर में जा गिरे, जिससे उनकी मौत हो गई।
इंस्पेक्टर संजय तोमर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद