थाना क्षेत्र में रेलवे अंडरपास के नीचे ट्रेन की चपेट में आने से फतेहगंज पश्चिमी के मोहल्ला नई बस्ती निवासी इमरान (19) की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
जानकारी के मुताबिक, इमरान बृहस्पतिवार सुबह किसी परिजन को बताए बिना घर से निकल गया था। दोपहर 12:15 बजे पुलिस को सूचना मिली कि रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक कट गया है। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मौके पर पहुंची मीरगंज पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
प्रभारी निरीक्षक मीरगंज संजय तोमर ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों का पता लगाया जाएगा। अभी जांच की जा रही है कि इमरान फतेहगंज पश्चिमी से मीरगंज क्यों आया? यह दुर्घटना है या अन्य कारण है, सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।
परिवार के पालन-पोषण में करता था सहयोग
परिजनों ने बताया कि इमरान के पिता इरशाद बेल्डिंग का काम करते हैं। इमरान बिजली का काम करता था। दोनों की कमाई से परिवार का पालन-पोषण होता था। इमरान, चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर की संतान था। इमरान की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।