बहेड़ी। सड़क किनारे खड़े युवक को गलत दिशा से आई तेज रफ्तार प्राइवेट एंबुलेंस ने रौंद दिया। गंभीर घायल युवक की बरेली के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने पिता की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
इज्जतनगर थाना क्षेत्र के गांव नगरिया कलां निवासी असगर अली ने बताया कि उनका बेटा मो. फहीम 28 सितंबर को अपने बड़े भाई मो. सलीम के साथ बाइक से बहेड़ी से लौट रहा था। देवरनियां के पास फहीम को लघुशंका लगी तो सलीम ने बाइक सड़क किनारे रोक दी। फहीम सड़क किनारे चला गया। इसी दौरान बरेली की ओर से गलत दिशा से एंबुलेंस संख्या यूपी 25 बीटी 4513 आई और फहीम को टक्कर मार दी।
हादसे में फहीम का एक हाथ और एक पैर टूट गया, दूसरे पैर में दो जगह फ्रैक्चर, हंसली, पसलियां टूटीं और फेफड़े में गंभीर चोट आई। सीओ अरुण कुमार ने बताया कि पिता की तहरीर के आधार पर चालक की तलाश जारी है।