शाहजहांपुर के एक गांव में बीती रात एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। उसका कसूर यह था कि उसने पटाखा छुड़ाने का विरोध किया था लेकिन इस बात पर लोगों को इतना गुस्सा आ गया कि लाठी-डंडों से पीटकर उसे मार डाला गया।
जानकारी के मुताबिक हिंसा का यह तांडव करने के बाद सभी आरोपी भाग गए। मरने वाले युवक के परिवार वालों ने पुलिस में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मरने वाले का नाम अंकित बताया गया है।
जानकारी के अनुसार अंकित के घर के सामने कुछ युवक पटाखे छुड़ा रहे थे। जब यह बात अंकित को पता चली तो उसने बाहर आकर पटाखे छुड़ाने के लिए मना किया। लेकिन उनके बीच कहासुनी होने लगी। धीरे-धीरे बात इतनी बढ़ गई कि पटाखे छुड़ाने वाले युवक लाठियां ले आए और अंकित पर अपना सारा गुस्सा उतार दिया। इसी में अंकित की मौत हो गई।