आंवला। थाना क्षेत्र के गांव रमनगला में बृहस्पतिवार रात 25 वर्षीय सुनील कुमार का शव पड़ा मिला। पास में ही खाली सिरिंज मिलने के साथ ही हाथ पर भी इंजेक्शन लगाने का निशाना मिला। पुलिस प्रथमदृष्टया नशे की ओवरडोज की वजह से मौत की बात कह रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा।
भाई अनिल कुमार ने बताया कि सुनील सुबह करीब 10 बजे खेत पर जाने की बात कहकर बाइक पर बैठकर निकले थे। मोबाइल फोन फ्लाइट मोड पर करके भाई की दुकान पर चार्जिंग पर लगा दिया। शाम तक सुनील के न लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की।
कल्लिया टांडा गांव की ओर जाने वाले मार्ग स्थित बाग में बाइक खड़ी मिली। करीब 200 मीटर दूर सुनील मृत मिले। उनके बाएं हाथ पर इंजेक्शन लगाने का निशान था। खून भी बह रहा था। पास ही एक खाली सिरिंज भी मिली। चेहरा नीला पड़ा था।
सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। सीओ नितिन कुमार ने बताया शव पर कहीं भी चोट के निशान नहीं मिले हैं। प्रथमदृष्टया नशे की ओवरडोज की वजह से मौत होना प्रतीत हो रहा है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
ग्रामीणों ने बताया कि सुनील की शादी करीब साल भर पहले ही बेलबुजिया गांव की सुषमा के साथ हुई थी। बुधवार को वह पत्नी की बहन के यहां एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। बृहस्पतिवार सुबह ही वहां से लौटे थे।