बरेली। किला थाने में पिछले दिनों हुए मकान मालिक व किरायेदार के समझौते को पुलिस के दबाव में करने की बात कह रहे युवक ने वीडियो वायरल किया है। उसने कारोबारी पर धमकाने का आरोप लगाकर किला थाने में आत्मदाह की चेतावनी दी है।
किला के साहूकारा निवासी एकाश अग्रवाल ने बताया कि साहूकारा में उसकी किराये की दुकान है। इसमें वह 1989 से काबिज है। इसका किराया वह न्यायालय में जमा करता था। किराये को लेकर दुकान मालिक विष्णु लाला ने पिता अनिल कुमार अग्रवाल से गालीगलौज व धक्कामुक्की की। फिर दुकान पर पुलिस को बुला लिया। पुलिस उसे किला थाने ले आई।
आरोप लगाया कि पुलिस ने उन लोगों पर दबाव बनाकर समझौता करा दिया। आरोप लगाया कि 50 हजार रुपये नकद व पांच लाख का चेक लिया गया। थाने से छूटकर उसने कई अधिकारियों के यहां शिकायत की जिसमे सीओ ने जांच की। आरोप लगाया कि कई दिनों से विष्णु लाला उसे धमकी देकर और रुपये मांग रहे हैं। चेतावनी दी कि न्याय नहीं मिला तो वह किला थाने में आत्मदाह कर लेगा।
-
दुकान मालिक ने आरोप नकारे
दुकान मालिक विष्णु अग्रवाल उर्फ विष्णु लाला ने बताया कि एकाश व उसके पिता ने उनकी दुकान पर कब्जा कर रखा है। कुछ दिन पहले दोनों पक्षों में कहासुनी हुई तो पुलिस ने थाने में बैठाकर समझौता करा दिया था। अब कोर्ट में रुपये जमा करने की तारीख आ गई है, इसलिए दूसरा पक्ष ड्रामा कर रहा है।
-
- पिछले दिनों इस विवाद में समझौता हुआ था। दोबारा से शिकायत पर जांच की जा रही है। जिसका दोष मिलेगा, उसी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - संदीप कुमार सिंह, सीओ द्वितीय
अमर उजाला ब्यूरो