कैंट थाना क्षेत्र का मामला, खेत में बदहवास हालत में मिली मासूम, आरोपी गिरफ्तार
बरेली। कैंट थाना क्षेत्र के एक गांव में सोमवार दोपहर टॉफी दिलाने का लालच देकर तीन साल की बच्ची से बीस साल के युवक ने दुष्कर्म किया। बच्ची खेत में बदहवास हालत में मिली। घटना के बाद भाग रहे आरोपी को बिथरी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। कैंट पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पुलिस के मुताबिक कैंट थाना क्षेत्र के एक गांव का व्यक्ति दूसरे प्रदेश में रहकर सिलाई का काम करता है। घर पर उसकी पत्नी और तीन बच्चे रहते हैं। सोमवार दोपहर उसकी तीन साल की बेटी घर के बाहर खेल रही थी। इलाके में ही किराये पर रहने वाला बीस वर्षीय आसिफ बच्ची को टॉफी व चिप्स दिलाने की बात कहकर गोद में उठाकर ले गया। बच्ची के चाचा ने उसे बच्ची को ले जाते देखा था। काफी देर तक जब बच्ची दिखाई नहीं दी तो परिजन उसकी तलाश करने लगे। तब बच्ची के चाचा ने बताया कि आसिफ उसे टॉफी दिलाने ले गया है। दोपहर एक बजे परिजनों को बच्ची घर से करीब डेढ़ किमी दूर खेतों में बदहवास हालत में मिली। वहां काम कर रहे किसानों ने बताया कि एक युवक बच्ची को बेहोशी की हालत में छोड़कर भाग गया है।
ग्रामीणों के साथ परिजनों ने उसका पीछा किया। पुलिस को भी सूचना दे दी। आगे का इलाका बिथरी थाने का होने की वजह से कैंट पुलिस ने बिथरी पुलिस को भी अलर्ट कर दिया। थोड़ी ही देर में बिथरी पुलिस के साथ बच्ची के परिजनों ने ट्रांसपोर्ट नगर से आरोपी को पकड़ लिया। सीओ प्रथम पंकज श्रीवास्तव भी घटनास्थल पर पहुंच गए। फॉरेंसिक टीम व डॉग स्क्वॉड ने मौके से साक्ष्य जुटाए।
-
आरोपी से घुल-मिल गई थी बच्ची
स्थानीय लोगों के मुताबिक आरोपी आसिफ का बच्ची के परिवार में आना-जाना था। इसलिए बच्ची उससे घुल-मिल गई थी। घटना के बाद परिजनों के साथ पुलिस बच्ची को जिला महिला अस्पताल ले गई। वहां उसका मेडिकल परीक्षण व उपचार कराया गया। इसके बाद परिजन बच्ची को घर ले गए। अमर उजाला ब्यूरो