बरेली के बारादरी थाना क्षेत्र की सैनिक कॉलोनी निवासी रवि कुमार (19 वर्ष) की बुधवार को देवहा नदी में डूबने से मौत हो गई। गोताखोरों ने काफी तलाश के बाद शव बाहर निकाला। क्योलड़िया के गांव अमीरनगर निवासी सुमेर लाल ने बताया कि बुधवार को उनके घर में नामकरण समारोह था। रवि कुमार अपने सगे भाई मोनू यादव, दोस्त सोनू शर्मा और शिवम के साथ इसी समारोह में शामिल होने आए थे।
गर्मी होने के कारण वह दोस्तों के साथ देवहा में नहाने चले गए। इस दौरान रवि डूब गए। सूचना पर तहसीलदार दुष्यंत प्रताप सिंह व इंस्पेक्टर वेद सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने रवि की तलाश के लिए बरखेड़ा से गोताखोरों को बुलाया। गोताखोरों ने रवि को नदी से निकाला। परिजन उनको सीएचसी नवाबगंज ले गए। वहां चिकित्सकों ने उनको मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की तैयारी की जा रही है।