हाफिजगंज। क्रिकेट खेलते समय शुक्रवार को बीएससी के छात्र की अचानक मौत हो गई। परिजन कार्डियक अरेस्ट से मौत की आशंका जता रहे हैं। ईद से पहले पुत्र की मौत से परिवार में मातम पसर गया। लोगों ने उनके घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की।
हरहरपुर मटकली निवासी रहीस अहमद का 22 वर्षीय पुत्र शाकिब दिल्ली में रहकर बीएससी की पढ़ाई कर रहा था। वह ईद मनाने के लिए सात दिन पूर्व घर आया हुआ था। परिजनों ने बताया कि दोपहर 12 बजे वह अपने दोस्तों के साथ गांव के ईदगाह के पास मैदान पर क्रिकेट खेल रहा था। तभी वह अचानक जमीन पर गिर गया।
उसकी सांस फूलने लगी। उसे आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शाकिब चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। वह पढ़ाई में बेहद होशियार था। वह चिकित्सक बनना चाहता था।
जिला अस्पताल के फिजिशियन (चेस्ट) डॉ. एएम अग्रवाल के मुताबिक, आउटडोर खेल के दौरान मौत होना हृदयाघात नहीं, बल्कि अचानक कार्डियक अरेस्ट होता है। पुरानी कोई बीमारी के अलावा इसकी अन्य वजहें भी हो सकती हैं।
सामान्य तौर पर खेलते समय चक्कर आना, सीने में दर्द या जकड़न, सांस फूलना, बेहोशी जैसे लक्षण नजरअंदाज नहीं करने चाहिए। इन स्थितियों में इनेक्ट्रोलाइट संतुलन बिगड़ने से दिल की धड़कन अनियमित हो जाती हैं। संवाद