घायलों को 108 सेवा की एंबुलेंस से बंडा सीएचसी ले जाया गया। आशीष की सास और साली प्रीति देवी का कहना है कि बाइक एक ट्रैक्टर ट्रॉली से टकरा गई थी। हादसे में आशीष के साथ वे लोग भी घायल हो गए। आशीष क्यों और क्या आरोप लगा रहा है, इसकी जानकारी उनको नहीं है। बंडा सीएचसी के अधीक्षक का कहना है कि आशीष सहित तीन घायल सीएचसी लाए गए थे। दो लोगों को रेफर कर दिया गया था। आशीष के हाथ और जांघ पर गहरे जख्म थे।
ट्रैक्टर ट्रॉली से हुआ हादसा
पुलिस आशीष के घायल होने की वजह प्रथमदृष्टया दुर्घटना मान रही है। पुलिस का मानना है कि दो महिलाओं के लिए इस तरह किसी को सरेराह घायल करना संभव नहीं है। पास में ही दो ईंट भट्ठे भी हैं। किसी ने आशीष के शोर मचाने या चीखने की आवाज नहीं सुनी है। महिलाएं खुद घायल हैं। इसके अलावा बाइक भी क्षतिग्रस्त हुई है। किसी हमले में बाइक इस तरह क्षतिग्रस्त नहीं हो सकती है। इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार राय ने बताया कि आशीष का वीडियो मिला है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने और आशीष के वीडियो बयान, घटनास्थल का निरीक्षण और सास, साली के बयान की जांच कर जो निष्कर्ष निकलेगा, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
वीडियो में आशीष ने सास-साली पर लगाया आरोप
हादसे के बाद जिला अस्पताल ले जाते समय आशीष ने दम तोड़ दिया। एंबुलेंस में बनाए गए वीडियो में आशीष सास और पत्नी पर हमले का आरोप लगा रहा है। एसपी एस. आनंद ने बताया कि हादसे के वक्त आशीष नशे में था। सीओ पंकज पंत ने बताया कि आशीष की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दुर्घटना से लगी चोटों के कारण मौत होना बताया गया है। इसके अलावा घटनास्थल से कुछ दूर लगे एक सीसीटीवी कैमरे में एक ट्रैक्टर ट्रॉली चालक तेजी से जाती दिख रही है। ट्रैक्टर ट्रॉली और चालक की तलाश की जा रही है। यह पूरी तरह से दुर्घटना का मामला है।
परिजन कई घंटे तक रहे थाने में मौजूद
आशीष के परिजन कई घंटे तक पुवायां थाने में मौजूद रहे। वे लोग हत्या का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज करने की मांग कर रहे थे। पुलिस ने जांच के बाद ही रिपोर्ट दर्ज करने की बात कही। इसके बाद परिजन पोस्टमार्टम हाउस चले गए।