हाफिजगंज। बारादरी थाना क्षेत्र के गांव हारुन नगला निवासी धीरज कुमार पत्नी को उसके मायके हाफिजगंज के गांव में छोड़ने गए तो चप्पलों से उनकी पिटाई की गई। धीरज ने पीटने, बाइक छीनने और सोने की चेन गायब करने के आरोप में ससुरली पक्ष के खिलाफ तहरीर दी है।
उन्होंने पुलिस को बताया कि उनकी शादी हाफिजगंज क्षेत्र के एक गांव की युवती से हुई थी। पत्नी के व्यवहार के कारण परिवार में लगातार विवाद की स्थिति बनी रही। दोनों पक्षों के बीच कई बार पंचायत हुई लेकिन नतीजा नहीं निकला। पत्नी ने शनिवार को कमरे में फंदा लगाने की कोशिश की। भनक लगने पर परिजनों ने दरवाजा तोड़कर उसको उतारा। इसके बाद धीरज पत्नी को मायके छोड़ने गए। आरोप है कि वहां ससुर समेत अन्य लोग आक्रोशित हो गए। धीरज को चप्पलों से सरेआम पीटा। बाइक रख ली। सोने की चेन गायब कर दी। किसी तरह भागकर जान बचाई।
प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। संवाद