भोजीपुरा में किसान सम्मेलन को संबोधित करने आ रहे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम के दौरान नैनीताल रोड पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है। इसके तहत सुबह आठ से शाम पांच बजे तक भारी वाहनों को बरेली से भोजीपुरा के बीच नहीं गुजरने दिया जाएगा। मुख्यमंत्री का काफिला गुजरने के दौरान इस रोड पर कुछ देर के लिए पूरी तरह यातायात बंद रखा जाएगा।
नैनीताल रोड पर ऐसे होगा डायवर्जन
लखनऊ और बरेली से बहेड़ी और नैनीताल की ओर जाने वाले वाहन पीलीभीत रोड से हाफिजगंज, सेंथल से जादौंपुर होकर नैनीताल रोड पर निकाले जाएंगे।
नैनीताल और बहेड़ी से बरेली, शाहजहांपुर, लखनऊ और बदायूं की ओर आने वाला यातायात जादौंपुर, सेंथल से हाफिजगंज होकर निकलेगा।
मीरगंज और रामपुर से बहेड़ी और नैनीताल की ओर से जाने वाले वाहन धनेटा फाटक, शाही से शेरगढ़ होकर निकाले जाएंगे।
बहेड़ी और नैनीताल से फतेहगंज पश्चिमी, मीरगंज व रामपुर की ओर जाने वाले वाहन शेरगढ़, शाही व धनेटा फाटक होकर जाएंगे।
बदायूं की ओर से लखनऊ, शाहजहांपुर, पीलीभीत, बहेड़ी व नैनीताल की ओर जाने वाले वाहन रामगंगा तिराहा से बुखारा मोड़ होकर फरीदपुर आएंगे-जाएंगे।
नैनीताल रोड से जुड़े संपर्क मार्गों पर भी पुलिस तैनात
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान नैनीताल हाईवे से जुड़ने वाले संपर्क मार्गों पर भी पुलिस तैनात की जाएगी। फ्लीट गुजरने के दौरान इन मार्गों पर भी वाहनों को थोड़ी देर रोका जाएगा। काफिला निकलने के बाद इन्हें आगे बढ़ा दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की वजह से यातायात डायवर्जन किया गया है। पुलिस का प्रयास रहेगा कि लोगों को परेशानी न हो, लोगों को भी बदले हुए रास्तों का इस्तेमाल करके व्यवस्था बनाने में सहयोग देना चाहिए। - संजीव कुमार बाजपेई, एसपी यातायात