तस्करों से दोस्ती में गंवानी पड़ी कुर्सी
मार्च में इज्जतनगर और बारादरी थाने के सिपाहियों ने सादे कपड़ों में तस्करों को पकड़ा। चौकी इंचार्ज के सामने सौदेबाजी हुई। बरामदगी में खेल करने की सूचना एसएसपी को मिली तो चौकी इंचार्ज और दोनों सिपाही निलंबित किए गए।
अवैध वसूली में नपे दरोगा-सिपाही
अप्रैल में इज्जतनगर थाने के दरोगा और तीन सिपाहियों पर लोगों को अवैध हिरासत में रखकर एक लाख रुपये वसूली करने का आरोप लगा। मामला खुलने पर एसएसपी ने निलंबित कर दिया। वहीं मनकापुर गांव की आगजनी के मामले में दरोगा ने सांठगांठ कर आरोपी को क्लीनचिट दे दी थी। वीडियो वायरल होने पर दरोगा को निलंबित कर दिया।
तस्कर कल्लू से दोस्ती निभाने में फंसी पुलिस
मई में स्मैक तस्कर कल्लू डॉन पर एनडीपीएस का मामला दर्ज किया गया था। 9 करोड़ की संपत्ति जब्त कर उसे माफिया के रूप में रजिस्टर्ड किया गया। कार्रवाई की सूचना कल्लू के भांजे को लीक करने पर भुता थाने के दरोगा को निलंबित किया गया।
तस्कर सोनू से दोस्ती में कई निलंबित
अगस्त में स्मैक तस्कर सोनू कालिया से दोस्ती में फतेहगंज पश्चिमी थाने के इंस्पेक्टर व अन्य पुलिसकर्मी निलंबित किए गए। तस्कर को मुकदमे की कॉपी भेजने का आरोप लगा। फरीदपुर थाने के सिपाही को रिश्वत लेने में निलंबित किया गया।
उत्तराखंड में तस्करी करते पकड़ा सिपाही
सितंबर में कैंट थाने में तैनात सिपाही को उत्तराखंड पुलिस ने साथियों संग स्मैक तस्करी करते हुए गिरफ्तार किया। बंदी रामा को पेशी के लिए प्रतापगढ़ ले जाते समय पुलिसवालों ने रास्ते में शराब पार्टी की। इसमें हेड कांस्टेबल और दो सिपाहियों को निलंबित किया गया।
आरोपी को सूचना लीक करने में सिपाही निलंबित
अक्तूबर में हरियाणा के थाना अंबाला की पुलिस धोखाधड़ी में वांछित मीरगंज के मुंडलपुर निवासी फैसल को पकड़ने आई थी। सिपाही ने प्रधान को सूचना लीक कर दी और आरोपी फरार हो गया। एसएसपी ने मीरगंज के सिपाही को निलंबित किया।
ये मामले रहे चर्चा में
लखनऊ तक गूंजा छात्रा को ट्रेन के आगे फेंकने का मामला
अक्तूबर में सीबीगंज में कोचिंग से लौट रही छात्रा को शोहदे ने ट्रेन के आगे फेंका, जिसमें छात्रा का एक हाथ और पैर कट गया। परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया। सीएम ने संज्ञान लिया और इलाज को पांच लाख रुपये की सहायता दी। सीएम की सख्ती पर एसएसपी ने सीबीगंज थाना प्रभारी, हल्का दरोगा और बीट सिपाही को निलंबित कर दिया। शोहदे और उसके पिता को जेल भेजा गया।
हत्या में फंसी भमोरा पुलिस, आरोपी पकड़ से दूर
नवंबर में अधिकारियों को सूचना दिए बगैर जुआरियों को पकड़ने गई भमोरा थाना की पुलिस हत्या के मामले में फंस गई। इस दौरान सरदारनगर चौकी पुलिस ने आलमपुर जाफराबाद में किसान संतोष शर्मा की पिटाई कर दी। पिटाई से संतोष शर्मा की मौत के बाद परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। शासन तक गूंज पहुंची। मामला तूल पकड़ने पर दोषी पुलिसवालों पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। अभी तक दोषियों की गिरफ्तार नहीं हुई और अब कुर्की की कार्रवाई होने जा रही है।
साइबर अपराधियों ने साढ़े सात करोड़ की रकम उड़ाई
साल भर में साइबर अपराधियों ने वर्क फ्रॉम होम व घर बैठे कमाई जैसे तरीकों से लोगों के खाते खाली कराए। टेलीग्राम एप से सर्वाधिक बड़ी ठगी हुईं। मंडलीय साइबर थाने की वार्षिक रिपोर्ट के मुताबिक साल भर में साढ़े सात करोड़ रुपये की ठगी हुई। इसमें 33 पीड़ितों से पांच लाख से ज्यादा की ठगी के मामले दर्ज हुए। करीब डेढ़ करोड़ रुपया ही वापस कराया जा सका और 47 आरोपी जेल भेजे गए। फर्जी प्रोफाइल बनाकर आईजी, सांसद व मशहूर शायर वसीम बरेलवी जैसे लोगों के नाम पर धोखाधड़ी की कोशिश के मामले भी आए।
पूरे प्रदेश में बरेली पुलिस पिट एनडीपीएस एक्ट लगाने में अव्वल है। अभी तक एनसीबी ही यह कार्रवाई करती थी। राज्य सरकार की ओर से बरेली पुलिस-प्रशासन ने स्मैक तस्कर कल्लू और नन्हे लंगड़ा के खिलाफ यह कार्रवाई की है। अब दूसरे जिले इस मॉडल पर काम कर रहे हैं। कम बरामदगी के मामलों में जांच की जा रही है। खुराफाती पुलिसकर्मियों का जो भी मामला सामने आया, उसमें प्राथमिकता से निलंबन और मुकदमे किए गए। अच्छे स्टाफ को पुरस्कृत भी किया है। बरेली पुलिस अपराधियों के लिए सख्त और जनता के लिए मित्रवत काम कर रही है। नए साल में और बेहतर काम करने का प्रयास रहेगा। - घुले सुशील चंद्रभान, एसएसपी