बरेली। नगर निगम क्षेत्र में सड़कों के लिए करीब 55 लाख की लागत के तीन कार्यों के लिए टेंडर प्रक्रिया हुई। कार्यादेश भी जारी हुए, लेकिन धरातल पर काम नहीं हुए। एक साल से लोग सड़क के गड्ढों में हिचकोले खा रहे हैं। आलमगिरीगंज में पुरानी घी मंडी में भोलानाथ मंदिर वाली सड़क को सीसी करने के लिए 25 लाख रुपये में टेंडर हुआ। कार्यादेश जारी हो गया। तीन महीने से काम शुरू होेने का इंतजार है।
इसी तरह बड़े पुल से शराफत मियां मोड़ तक टेंडर होने के बावजूद बीस लाख लागत की सीसी रोड का निर्माण शुरू नहीं हो सका। बाकरगंज की पार्षद हर्ष कुमारी व आलमगिरीगंज के पार्षद मुकेश सिंघल ने कहा कि पहले बारिश और फिर त्योहार का बहाना था, पर अब तक काम शुरू नहीं हुए। नगर निगम की लापरवाही जनता पर भारी पड़ रही है।
साल भर पहले कार्यादेश, निर्माण अब तक शुरू नहीं
मटकी चौकी तिराहे से सराफा मार्केट शिवाजी मार्ग तिराहे तक करीब 400 मीटर सड़क के लिए दस लाख का एस्टीमेट पास हुआ। कार्यादेश जारी हुए एक साल से ज्यादा हो गया, पर निर्माण अब तक शुरू नहीं हो सका। पहले बताया गया था कि होली से पहले सीवर लाइन और सड़क बनेगी, लेकिन कुछ भी नहीं हुआ।
बाकरगंज का मुख्य मार्ग दो साल से खस्ताहाल
बाकरगंज का मुख्य मार्ग दो साल से खस्ताहाल है। दस हजार से अधिक लोग आवागमन में दिक्कत झेल रहे हैं। राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के अंतर्गत स्वीकृति पर कागजी सहमति हुए एक महीने से ज्यादा हो गया है, पर निर्माण के लिए टेंडर नहीं निकाला गया। देरी पर देरी हो रही है। ब्यूरो
ठेकेदार ने कार्यादेश जारी होने के बाद काम शुरू नहीं कराया है तो उसे कराएंगे। कोई अड़चन है तो उसे भी दूर कराएंगे। इस मामले में सहायक अभियंता से रिपोर्ट लेकर कार्रवाई होगी। - मनीष अवस्थी, मुख्य अभियंता, नगर निगम
-
पाइप लाइन फटने से सड़क धंसी, जलभराव
बरेली। पाइप लाइन फटने से सौ फुटा रोड स्थित वीरसावरकरनगर चौराहे पर जलभराव हो गया। सड़क भी धंस गई। कुछ देर के लिए जलापूर्ति और यातायात बाधित रहा। इस हालत के लिए स्थानीय लोगों ने नगर निगम के जलकल विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया। शिकायत किए जाने पर जलकल की टीम मौके पर पहुंची। पाइप लाइन की मरम्मत कराई। देर शाम तक काम हुआ। जलकल के महाप्रबंधक मनोज कुमार आर्य का कहना है कि वीरसावरकरनगर में लीकेज को ठीक कराकर जलापूर्ति सामान्य कर दी गई है। ब्यूरो