सेतु निगम ने काम किया पूरा, एप्रोच रोड बनाएगा पीडब्लूडी
बरेली। रामगंगा के नए पुल पर तारकोल बिछाने का काम मंगलवार से शुरू कर दिया गया है। यह काम पूरा होने के बाद यहां एप्रोच रोड बनाने का काम भी शुरू कर दिया जाएगा। इसी महीने के अंत तक पुल पर ट्रैफिक दौड़ने की उम्मीद है। दिवाली से पहले यह सौगात मिल सकती है।
तारकोल का काम पूरा होने के बाद सेतु निगम का काम यहां पूरा हो जाएगा। लोक निर्माण विभाग दोनों ओर एप्रोच रोड तैयार करा ही रहा है। हालांकि अभी एप्रोच रोड से बिजली के खंभे नहीं हटाए जा सके हैं। सेतु निगम डीपीएम वीके सेन ने बताया कि मंगलवार से तारकोल बिछाना शुरू कर दिया गया है। इसके बाद एप्रोच रोड का काम बाकी रह जाएगा जिसे लोक निर्माण विभाग करा रहा है। कुल 671 मीटर लंबे पुल के दोनों ओर दो-दो सौ मीटर लंबी एप्रोच रोड बनाई जा रही है। पीडब्लूडी के अधीक्षण अभियंता डीके तिवारी ने बताया कि बरेली शहर की ओर की एप्रोच रोड तैयार कर ली गई है। उस पर गिट्टी बिछा दी गई है। अब केवल तारकोल का काम होना है। वहीं पुल पार करने के बाद रोड तैयार की जा रही है। यहां जल्द ही गिट्टी डालने का काम शुरू कर दिया जाएगा।