फरवरी 2025 में मिली थी स्वीकृति, एक साल में मात्र तीन बैठक, लचर व्यवस्था से नहीं हो रहे नियमानुसार कार्य
फरीदपुर। नगर पालिका परिषद में सारे नियम ताक पर रखकर मनमानी जारी है। यह एक साल में तीन ही बैठक हो सके हैं। डीएम की ओर से स्वीकृत पांच करोड़ रुपये के कार्ययोजना पर अभी तक काम शुरू हो सका है। इससे कस्बे के विकास कार्य अटक गए तो कुछ कार्य चल रहे हैं। हर माह बैठकें नहीं होने और ध्यान नहीं देने से कई कार्य नियमानुसार नहीं हो रहे हैं।
नगर पालिका के जिम्मेदार लोगों के खुद के नियम चलते हैं। यही कारण है कि न तो समय पर बोर्ड की बैठक कराई जाती है और न ही बोर्ड की बैठक में स्वीकृत कार्यवृत्ति की सूचना कमिश्नर कार्यालय में भेजी जाती है और न ही सभासदों को उसकी सूची उपलब्ध कराई जाती है। नगर पालिका के सभासद देवेंद्र सिंह सोनी ने बताया कि फरवरी 2025 की कार्य योजना को डीएम की स्वीकृति मिलने के बाद भी अभी तक कार्य नहीं कराए गए हैं। उन्होंने बताया कि डीएम की स्वीकृति मिलने के 48 घंटे के अंदर इसका पालन नगर पालिका को कराना पड़ता है। फरवरी 2025 की कार्य योजना में दो करोड़ रुपये से नालों का निर्माण होना है। करीब तीन करोड़ रुपये से कस्बे के विकास के लिए निर्माण कार्य स्वीकृत थे। अपनी मनमानी के चलते वह कार्य अभी तक नहीं कराए गए हैं। संवाद
अक्तूबर माह में हुई थी बैठक
सभासदों ने बताया कि अक्तूबर माह में बोर्ड की बैठक कराई गई थी, जिसमें विकास कार्य के लिए बनाई गई कार्यवृत्ति की सूची अभी तक नगर पालिका ने तैयार नहीं की और न ही इसकी सूचना कमिश्नर कार्यालय भेजी गई और सूची की कॉपी सभासदों को भी नहीं उपलब्ध कराई गई। उन्होंने बताया कि बोर्ड की बैठक में बनाई गई कार्यवृत्ति की सूचना बैठक के 10 दिन के अंदर कमिश्नर कार्यालय भेजी जाती है। उसके बाद उसकी सूची की कॉपी सभी सभासदों को दी जाती है। नगर पालिका में हर माह बोर्ड की बैठक होनी चाहिए। लेकिन फरीदपुर नगर पालिका परिषद में कई माह बीत जाने के बाद बोर्ड की बैठक सभासदों की लगातार शिकायतों के बाद कराई जाती है।
मामले की जांच कराई जाएगी : ईओ
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी पुनीत कुमार ने बताया कि डीएम से स्वीकृत कार्य योजना के कार्य के बारे में उन्हें जानकारी नहीं है। क्योंकि उन्होंने बाद में ज्वाइन किया है। मामले की जांच कराई जाएगी। कार्यवृत्ति की सूची के लिए संबंधित पटल के पालिका अध्यक्ष से कहा गया है। बोर्ड की बैठक बुलाने की जिम्मेदारी पालिका अध्यक्ष की होती है।
दो करोड़ पर रोक, तीन करोड़ से कराए जाएंगे विकास कार्य : नपा अध्यक्ष
नगर पालिका अध्यक्ष शराफलत जरीवाला ने बताया कि फरवरी 2025 में डीएम से स्वीकृत कार्य योजना में, जो दो करोड़ रुपये से नाला निर्माण होना था। उस पर डीएम ने रोक लगा दी थी। बाकी करीब तीन करोड़ के जो विकास कार्य है। उसे कराया जाएगा। अक्तूबर में कोई बोर्ड की कार्यवृत्ति की सूचना कमिश्नर कार्यालय क्यों नहीं भेजी। इस संबंध में अधिशासी अधिकारी जाने। उन्होंने बताया कि उनका स्वास्थ्य ठीक न होने के चलते पिछले माह बोर्ड की बैठक नहीं बुला सके। अभी भी वह दिल्ली में उपचार कराने आए हैं।