शेरगढ़। सिंचाई विभाग के जिम्मेदारों ने हजारों रुपये कीमत की लकड़ी को बिना नीलामी कराए ही सांठगांठ कर गायब कर दिया। इस संबंध में जानकारी करने पर संबंधित जिम्मेदार जिलेदार एवं जेई एक दूसरे से जानकारी करने की बात कहकर टाल-मटोल कर रहे हैं।
कस्बा शेरगढ़ से पिपौली सुकटिया पूर्वी नहर पर करीब आधा दर्जन सेमर के कई वर्ष पुराने पेड़ खड़े हैं। क्षेत्र के ग्रामीणों ने बताया कि कुछ दिन पहले आंधी-बारिश में एक सेमर के पेड़ का बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया, जिसकी जानकारी सिंचाई विभाग को हुई तो विभागीय जिम्मेदारों ने उक्त पेड़ को बिना नीलाम कराए ही लकड़ी के ठेकेदार के हाथों हजारों रुपये में बेच दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि उक्त पेड़ के हिस्से को सिंचाई विभाग के जिम्मेदारों ने 26 हजार रुपये में अपने चहेते लकड़ी के ठेकेदार को बेच दिया है। उक्त संबंध में सिंचाई विभाग के जिलेदार से बात की तो उन्होंने बताया कि उक्त प्रकरण मेरे संज्ञान में नहीं है। इस संबंध में जानकारी जेई पंकज सक्सेना देंगे। मामले में जब पंकज सक्सेना से बात की गई तो उन्होंने बताया कि पेड़ का हिस्सा गिरा था। इसकी जानकारी है, लेकिन कहा गया कि इस संबंध में जानकारी जिलेदार देंगे।