नवाबगंज। जनपद पीलीभीत से काम के सिलसिले में बाइक से लौट रहे एक लकड़ी ठेकेदार को सामने से आ रही कार ने टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, दूसरी ओर ससुराल से पत्नी को विदा कराकर घर लौट रहे किसान की भी वाहन की टक्कर से मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी घायल हो गई। घटना के बाद लकड़ी ठेकेदार के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
थाना क्योलड़िया के माधोपुर गांव के निवासी 50 वर्षीय चरन सिंह लकड़ी का कारोबार करते थे। शुक्रवार रात वह बाइक से जनपद पीलीभीत से काम के सिलसिले में बाइक से लौट रहे थे। जैसे ही गांव के पास पहुंचे, उसी बीच सामने से आ रही कार ने टक्कर मार दी, जिसमें उनकी जान चली गई। वहीं, दूसरी ओर थाना हाफिजगंज के नरहरपुर गौरी खेड़ा निवासी 28 वर्षीय रवि कुमार खेती-किसानी कर परिवार का पालन पोषण करते थे। शुक्रवार की शाम नौ बजे अपनी पत्नी सुमित्रा देवी के साथ बाइक से जनपद पीलीभीत के खमरिया पुल के पास डंडिया गांव से घर लौट रहे थे। बरेली पीलीभीत हाईवे पर धौरेरा गांव के पास वाहन की टक्कर से रवि की मौत हो गई। पुलिस ने घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया है। संवाद
लकड़ी ठेकेदार के परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
मृतक लकड़ी ठेकेदार की पत्नी हीराकली, बेटे रामू और संजय सिंह ने बताया कि उनकी गांव के कुछ लोगों के साथ रंजिश चल रही। घटना की तहरीर शनिवार को क्योलड़िया थाने में दी गई है। संवाद