परिक्षेत्र के चारों डिपो में संविदा पर 100 महिला परिचालकों की होगी भर्ती
बरेली। परिवहन निगम (रोडवेज) बरेली परिक्षेत्र के चारों डिपो में संविदा पर 100 महिला परिचालकों की भर्ती करेगा। ये लोकल रूट की बसों पर सेवाएं देंगी। लंबे रूटों पर पुरुष परिचालकों की सेवाएं ली जाएंगी। रोडवेज ने वर्ष 2016 से संविदा पर महिला परिचालकों की भर्ती शुरू की है। फिलहाल चारों डिपो में 58 महिलाएं सेवा दे रही हैं। अब इनकी संख्या बढ़ाकर 200 तक करने की योजना है।
बरेली और रुहेलखंड डिपो प्रबंधन की ओर से बरेली-एटा, बरेली-मुरादाबाद, बरेली-बदायूं, बरेली-पीलीभीत, बरेली-टनकपुर आदि रूटों पर महिला परिचालकों की सेवाएं ली जा रही हैं। इन रूटों पर दिनभर में अप-डाउन हो जाता है। महिला परिचालकों के लिए ऐसे रूट काफी मुफीद हैं। पुरुषों के मुकाबले इन रूटों पर महिला परिचालक ज्यादा कमाई भी कर रही हैं। ऐसे में अधिकारियों ने ज्यादा से ज्यादा लोकल रूटों पर महिला परिचालकों की सेवाएं लेने का निर्णय लिया है।
क्षेत्रीय प्रबंधक दीपक चौधरी का कहना है कि परिक्षेत्र के चारों डिपो से लोकल रूटों की सूची मांगी गई है। जिन रूटों पर पहले से महिला परिचालकों की सेवाएं ली जा रही हैं, उनकी भी जानकारी मांगी है। लोकल रूटों पर चलने वाले पुरुष परिचालकों को लंबे और रात्रि सेवा वाले रूटों पर लगाया जाएगा। महिला परिचालकों की कमी को पूरा करने के लिए रोडवेज दिसंबर में दो रोजगार मेलों का आयोजन करेगा। संवाद
रोजगार मेला आज
बरेली। परिक्षेत्र के चारों डिपो में संविदा पर महिला परिचालकों की भर्ती के लिए सोमवार को पुराना रोडवेज स्थित क्षेत्रीय कार्यालय पर सुबह 10 से शाम पांच बजे तक रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। भर्ती प्रक्रिया में इंटरमीडिएट पास और सीसीसी प्रमाणपत्र धारक 18 से 40 वर्ष तक की महिलाएं हिस्सा ले सकती हैं। आरएम दीपक चौधरी ने बताया कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, कौशल विकास मिशन, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट गाइड से जुड़ीं महिलाओं को भर्ती में प्राथमिकता दी जाएगी। संवाद