नवाबगंज के गांव में दिनदहाड़े घटना, चुनरी से गला घोटकर मारा
विज्ञापन
गन्ने के खेत में मिला अर्द्धनग्न शव, फील्ड यूनिट ने की छानबीन
नवाबगंज। खेत से चारा लेने गई महिला की दुष्कर्म के बाद उसी की चुनरी से गला घोटकर हत्या कर दी गई। एक गन्ने के खेत में उसका अर्द्धनग्न शव पड़ा मिला, चेहरे और शरीर पर कई जख्म भी पाए गए। महिला के पति की ओर से पुलिस ने अज्ञात शख्स के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
नवाबगंज इलाके के एक गांव की 50 वर्षीय महिला पड़ोस की ही तीन और महिलाओं के साथ शनिवार सुबह नौ बजे पशुओं के लिए चारा काटने खेत पर गई थी। साथ गई महिलाएं तो घास काटकर घर लौट आई लेकिन वह थोड़ी घास और काटने की बात कहकर खेत पर ही रुक गई। दोपहर तक वह घर नहीं लौटी तो परिवार वाले उसकी तलाश में निकले। करीब दो बजे डंडिया बीरमनगला गांव में मेघनाथ के गन्ने के खेत में उसका अर्धनग्न शव पड़ा मिला। उसके चेहरे और शरीर पर कई जख्मों के निशान थे। गले में चुनरी का फंदा कसा हुआ था। दोनों चप्पलें पास में ही पड़ी थीं लेकिन सलवार दूर पड़ी हुई थी।
महिला के घरवालों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वाड को बुलाकर मौके पर साक्ष्य इकट्ठे किए गए जिसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। एसएसआई नवाबगंज वीरेंद्र सिंह ने बताया कि महिला के पति की ओर से रिपोर्ट दर्ज की गई है। महिला जब खेत के लिए निकली, वह मजदूरी करने गया हुआ था।