वाराणसी की 15 वर्षीय किशोरी को बरेली की सरगना को बेचकर देह व्यापार के दलदल में उतार दिया गया। यहां सेटेलाइट चौराहे के पास लिटिल क्राउन होटल में उससे जबरन देह व्यापार कराया जा रहा था। पुलिस ने दबिश देकर तीन महिलाओं समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें एक नेपाली युवती भी शामिल है। बारादरी थाने में सात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट कराई गई है।
वाराणसी के चौबेपुर इलाके की निवासी किशोरी ने एसपी सिटी मानुष पारीक व सीओ तृतीय पंकज श्रीवास्तव को बताया कि वह सातवीं कक्षा तक पढ़ी है। जनवरी के पहले सप्ताह में परिवार वालों ने डांट दिया तो वह गुस्से में घर से निकल आई। वाराणसी स्टेशन पर घूमते हुए उसे रिया नाम की युवती मिली।
वह उसे फुसलाकर अपने घर ले गई और तीन दिन रखा। फिर रिया उसे बरेली लाई और यहां कैंट इलाके के गांव चनहेटी की रहने वाली बबली खान के हाथ बेच दिया। बबली, उसका पति खलील खान व बबली के दोस्त फरीदपुर के कुआंखेड़ा निवासी विनोद यादव ने उसे कैंट के चनेहटी गांव में मस्जिद के पास कमरे में रखा। ये लोग अक्सर उसे होटलों में ले जाकर जबरन देह व्यापार कराने लगे।