फरीदपुर निवासी महिला का बेटा लेखपाल है। वह 10 दिन से लापता है। उसकी बरामदगी की मांग को लेकर महिला शुक्रवार को कलक्ट्रेट पहुंची, जहां उसकी तबीयत बिगड़ गई।
बरेली में लापता बेटे की तलाश के लिए शुक्रवार को कलक्ट्रेट पहुंची महिला बेहोश होकर गिर पड़ी। कलक्ट्रेट में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में शामिल होकर लौट रहे एडीजी रमित शर्मा ने पुलिस जीप से उसे जिला अस्पताल भिजवाया। एसपी क्राइम को महिला के बेटे की तलाश के निर्देश दिए गए हैं।
विज्ञापन
मोरकली के मुताबिक उसका बेटा मनीष चंद्र लेखपाल के पद पर तैनात है। वह दस दिन से लापता है। डीएम से उसकी तलाश की गुहार लगाने मोरकली कलक्ट्रेट पहुंची थीं। वहां वह गश खाकर गिर पड़ीं। अस्पताल पहुंचने पर ईएमओ डॉ. वैभव शुक्ला ने महिला की जांच कर जरूरी दवाएं दीं। हालत में सुधार होने के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। परिजनों के मुताबिक बेटे के गम में कई दिनों से खाना न खाने से वह कमजोर हो गई हैं।
लेखपाल की तलाश में एडीजी ने लगाई एसओजी
बरेली। फरीदपुर से लापता लेखपाल की तलाश में एडीजी जोन रमित शर्मा ने एसपी क्राइम और एसओजी को भी लगाया है। एडीजी ने एसपी क्राइम को निर्देश दिए हैं कि टीम लगाकर हर संभावित जगह लेखपाल की तलाश करें। संदिग्ध लोगों की धरपकड़ करें। फरीदपुर पुलिस से इनपुट लेकर एसओजी ने दबिश शुरू की है।