गिरधरपुर गांव के श्मशान स्थल पर बृहस्पतिवार तड़के चिता जलती देख ग्रामीण हैरान रह गए। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में किसी की मौत नहीं हुई है। गांव में ऑनर किलिंग की चर्चा है।
बरेली के देवरनियां थाना क्षेत्र में गिरधरपुर गांव के श्मशान स्थल पर बृहस्पतिवार तड़के चार बजे चिता जलती देख गांव वालों ने सूचना देकर पुलिस को बुला लिया। बरेली से फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की। अधजला शव चिता से निकालकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। चिता किसकी थी और किसने जलाई, इसका देर रात तक स्पष्ट नहीं हो पाया।
विज्ञापन
गिरधरपुर गांव के कुछ लोग सुबह के समय खेतों की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने चिता को जलता देखा। जानकारी पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। ग्रामीणों का कहना है कि बुधवार को गांव में किसी की मौत नहीं हुई है। सूचना पर देवरनियां थाने की पुलिस पहुंच गई।
अधिकारियों के आदेश पर बरेली से फॉरेंसिक टीम भी पहुंच गई। शव किसका था यह स्पष्ट नहीं हो पाया। गांव में कोई लापता भी नहीं है। गांव वाले ऑनर किलिंग का अंदेशा जता रहे हैं। नजदीकी गांव के किसी व्यक्ति का शव होने का अंदेशा भी जताया जा रहा है। इंस्पेक्टर दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि शव किसका था यह पता नहीं चल पाया है। जांच की जा रही है।