सुभाषनगर में बीच सड़क पर भिड़ीं महिलाएं, दोनों ओर से एफआईआर
बरेली। हुक्का बार का संचालन करने की आरोपी महिला और उसके प्रेमी की पत्नी में सुभाषनगर क्षेत्र में बीच सड़क मारपीट हो गई। दोनों ने एक-दूसरे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मालगोदाम रोड निवासी महिला ने बताया कि उसके पति के कई महिलाओं से अवैध संबंध हैं। उनमें से एक महिला डीडीपुरम में कैफे के नाम पर हुक्का बार चलाती है। इस कारण पति ने उसे छोड़ दिया है। जब वह भाई के साथ आ रही थी तो चुंगी के पास कैफे संचालिका ने अपने साथियों के साथ मिलकर उसकी स्कूटी गिराने की कोशिश की। विरोध पर पिटाई की और पर्स चोरी कर लिया। महिला का आरोप है कैफे संचालिका उसके पति से शादी करना चाहती है। पति को तलाक न देने की वजह से वह उससे रंजिश मानती है। पति ने उसकी लोकेशन बता दी, जिस कारण कैफे संचालिका ने हमला कर दिया।
वहीं, कैफे संचालिका के मुताबिक वह बालाजी मंदिर में गई थी, तभी महिला और उसके साथी ने रोक लिया। वे पचास हजार रुपये रंगदारी मांगने लगे। मना करने पर सोने की चेन, अंगूठी छीन ली। उसकी जेब से 3700 रुपये निकाल लिए। सुभाषनगर थाने में दोनों तरफ से मामला दर्ज कर लिया गया है। अमर उजाला ब्यूरो