उत्तर प्रदेश के बदायूं के उघैती इलाके में रविवार रात एक धर्मस्थल में महिला की दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई। हत्या करने के बाद आरोपी अर्धनग्न शव बोलेरो में डालकर महिला के घर के बाहर फेंक गए।
परिजन का आरोप है कि उन्होंने पुलिस को उसी समय सूचना दी थी लेकिन पुलिस सोमवार दोपहर बाद मौके पर पहुंची। तब कहीं उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। परिजन के मुताबिक 42 वर्षीय महिला उघैती थाना क्षेत्र के एक गांव की निवासी थी।
उसका मायका क्षेत्र के ही दूसरे गांव में है। उसी गांव में एक धर्मस्थल बना हुआ है। महिला रविवार शाम करीब पांच बजे मंदिर में पूजा करने की बात कहकर घर से निकली थी। रात करीब साढ़े 11 बजे धर्मस्थल का पुजारी अपने दो साथियों के साथ आया और महिला के शव को अर्धनग्न हालत में घर के बाहर डालकर चला गया।
जब परिवार के लोगों ने गाड़ी की आवाज सुनी तो वे घर के बाहर निकले, लेकिन तब तक आरोपी वहां से चले गए थे। महिला के कपड़े खून से लथपथ थे। रात में ही परिवार वालों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पहुंची।