भोजीपुरा। एक महिला भोजीपुरा रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन से कूद पड़ी। प्लेटफार्म की जगह ट्रैक पर गिरी। इससे महिला के दोनों पैर कट गए। जीआरपी ने गंभीर हालत में उन्हें मेडिकल कालेज में भर्ती कराया है।
बारादरी इलाके के बिचपुरी निवासी सावित्री देवी पत्नी सत्यपाल सेंथल जाने के लिए सिटी रेलवे जंक्शन पर टनकपुर जाने वाली ट्रेन संख्या 15075 पर बैठी थीं। तभी भोजीपुरा रेलवे स्टेशन से पहले किसी यात्री ने कहा कि यह ट्रेन सेंथल स्टेशन पर नहीं रुकती है। सावित्री भोजीपुरा रेलवे स्टेशन पर करीब पौने दो बजे ट्रेन से कूद पड़ी।
पुलिस ने बताया कि सावित्री प्लेटफाॅर्म की जगह रेलवे ट्रैक पर जाकर गिरी। इससे ट्रेन की चपेट में आकर सावित्री के दोनों पैर कट गए। महिला के ट्रैक पर गिरते ही चीख पुकार मच गई। जीआरपी भोजीपुरा पुलिस ने सावित्री को उठाकर मेडिकल काॅलेज में भर्ती करा दिया। सूचना पर सावित्री के परिजन भी आ गए, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। संवाद