बरेली के थाना बारादरी क्षेत्र के गोसाई गौंटिया मोहल्ले में मंगलवार सुबह 25 वर्षीय गीता शर्मा ने पति से विवाद के बाद मकान की छत से छलांग लगा दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया, वहां उसका इलाज किया जा रहा है।
विज्ञापन
महिला के पति सुशील शर्मा ने बताया कि सुबह घरेलू काम को लेकर दोनों के बीच मामूली कहासुनी हुई थी, जिसके बाद गीता ने यह आत्मघाती कदम उठा लिया। गीता की चीखपुकार सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे। परिजनों ने पड़ोसियों की मदद से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया। पड़ोसियों से सूचना मिलने पर महिला के मायके पक्ष के लोग भी अस्पताल पहुंच गए।
वहां उन्होंने पति सुशील और अन्य ससुरालवालों पर मानसिक प्रताड़ना और उत्पीड़न का आरोप लगाकर हंगामा किया। फिलहाल महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और महिला के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।