हाफिजगंज। थाना क्षेत्र के गांव बीजामऊ में एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। बृहस्पतिवार रात पहुंचे परिजनों ने यह देखा तो उनके होश उड़ गए। मृतका के मायका पक्ष के लोगों पर ससुरालियों पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
पीलीभीत के थाना जहानाबाद के गांव रम्पुरा उझैनिया निवासी इंद्रपाल ने बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री 23 वर्षीय दीपक कुमारी का विवाह तीन वर्ष पूर्व 17 फरवरी को थाना हाफिजगंज के गांव बीजामउ निवासी विमल कुमार के साथ की थी। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि विवाह के बाद से पति, सास, ससुर आदि ससुराली दहेज के लिए उसकी पुत्री को प्रताड़ित करने लगे। उन्होंने अपनी पुत्री के पति व ससुरालियों को कई बार समझाया, लेकिन वे लोग माने नहीं। इस तरह से उसका प्रताड़ना जारी रहा। वे बृहस्पतिवार को जब पुत्री के ससुराल पहुंचे तो उसका शव पड़ा मिला।
इसके बाद वह थाने पहुंचकर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से पोस्टमॉर्टम कराने की मांग की। थाना प्रभारी पवन कुमार सिंह ने बताया कि मृतका दीपक कुमारी के शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद