फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रोडवेज बस की चपेट में आकर सांसद की महिला रिश्तेदार की मौत, गुस्साए लोगों ने किया हंगामा 

Thu, 22 Nov 2018 03:40 PM IST
ब्यूरो, अमर उजाला, बरेली
विज्ञापन
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

बदायूं रोड पर लाल फाटक के पास फौजी की पत्नी की ट्रक की टक्कर से मौत होने के 10 दिन बाद ही बृहस्पतिवार को दूरदर्शन केंद्र के पास तेज रफ्तार रोडवेज बस ने आंवला सांसद धर्मेंद्र कश्यप की रिश्तेदार महिला को चपेट में ले लिया। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ड्राइवर बस छोड़कर भाग गया। गुस्साए लोगों ने हंगामा किया तो पुलिस ने शव को जिला अस्पताल भिजवा दिया। हादसे के वक्त महिला का चौथी कक्षा में पढ़ने वाला बेटा भी साथ था, उसे महिला ने धक्का देकर बचा लिया। कैंट थाने में रोडवेज बस ड्राइवर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।

विज्ञापन


दूरदर्शन केंद्र के पीछे स्थित गांव कांधरपुर के डेयरी संचालक रघुनाथ की 45 वर्षीय पत्नी धनवती बृहस्पतिवार दोपहर एक बजे बदायूं रोड स्थित अमरावती पब्लिक स्कूल से अपने बेटे राजीव को लेकर घर लौट रही थीं, तभी बदायूं की तरफ से आ रही आगरा डिपो की बस में पीछे से दूसरी रोडवेज बस ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से आगरा डिपो की बस रांग साइड में आ गई। धनवती ने बस को तेजी से अपनी ओर आते देखा तो राजीव को धक्का देकर सड़क के दूसरी ओर गिरा दिया लेकिन खुद को बस की चपेट में आने से नहीं बचा सकीं। वह अनियंत्रित बस और खंभे के बीच आकर कुचल गईं। पुलिस ने बस कब्जे में लेकर थाने में खड़ी करा ली है।

धनवती की मौत के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। गुस्साए लोगों ने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। उनका कहना था कि फौजी की पत्नी की मौत के बाद प्रशासन ने इस रोड पर भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद करने की बात कही लेकिन इस पर अमल नहीं किया। प्रशासन की इस लापरवाही धनवती की जान चली गई। लोगों ने जाम लगाने की कोशिश की तो पुलिस ने महिला की लाश को तुरंत वहां से हटवा दिया। 
विज्ञापन


‘प्रशासन की लापरवाही ने ली मेरी पत्नी की जान’ 
पत्नी की मौत की खबर मिली तो रघुनाथ का बुरा हाल हो गया। वह विलाप करते हुए जमीन पर गिर पड़े। बोले, प्रशासन की लापरवाही ने मेरी पत्नी की जान ले ले ली। रघुनाथ ने बताया कि आंवला सांसद धर्मेंद्र कश्यप की तहेरी बहन उनके भतीजे को ब्याही है। हादसे की खबर पर सांसद के छोटे भाई भूदेव समेत परिवार के कई लोग भी मौके पर पहुंच गए।  
विज्ञापन

 
रोडवेज बस ड्राइवर को तलाशा जा रहा है। बस हमारे कब्जे में है। थाने में ड्राइवर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। - कुलदीप कुमार, सीओ सिटी

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें