बरेली। थाना सुभाषनगर क्षेत्र के बंसीनगला निवासी हीरावती (35) ने पति से विवाद के बाद पंखे से साड़ी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। महिला पति के शराब पीने का विरोध करती थी, इसी को वजह मानकर आरोप लगे तो पुलिस ने पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
विज्ञापन
बंसीनगला निवासी हीरावती की मौत के बाद रविवार को शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। परिजनों ने बताया कि हीरावती अपने पति प्रमोद के साथ बंसीनगला की नई बस्ती में रहती थीं। आरोप लगाया कि प्रमोद को शराब पीने की आदत है। हीरावती इसका विरोध करतीं तो प्रमोद उसकी पिटाई करता था।
शराब पीने को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। पड़ोसियों ने शनिवार रात भी उनके घर से मारपीट व झगड़े की आवाज सुनी थीं। रात में जब परिवार के लोग सो गए तो हीरावती ने साड़ी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने प्रमोद को हिरासत में लेकर पूछताछ व आरोपों की जांच शुरू कर दी है। अमर उजाला ब्यूरो