बरेली। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय परिसर में बनाए जा रहे स्टेडियम में अभ्यास करने केलिए खिलाड़ियों को तीन से छह माह और इंतजार करना होगा। यहां अभी फिनिशिंग सहित अन्य काम बकाया है।
रुहेलखंड विश्वविद्यालय के 23वें दीक्षांत समारोह के दौरान इस नवीन क्रिकेट स्टेडियम का लोकार्पण राज्यपाल ने किया था। हालांकि, उद्घाटन के बावजूद मैदान को पूरी तरह से खेलने लायक बनाने और अन्य बुनियादी सुविधाओं को स्थापित करने में समय लग रहा है। विश्वविद्यालय प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि कुछ चुनिंदा कार्य पूरे होने के बाद ही इसे विद्यार्थियों के लिए खोला जाएगा।
नवीन छात्रावास के सामने विकसित किया जा रहा स्टेडियम एक मल्टी-स्पोर्ट्स हब के तौर पर काम करेगा। शुरुआत में इसे 80 वर्ग मीटर में बनाने की योजना थी। विस्तार के बाद यह 140 वर्ग मीटर में तैयार किया गया है। यहां क्रिकेट के साथ ही हॉकी, वॉलीबॉल, फुटबॉल और अन्य खेलों का अभ्यास भी खिलाड़ी कर सकते हैं।
क्रीड़ा सचिव एसएस बेदी ने बताया कि अभी क्रिकेट पिच पर काली मिट्टी डाली गई है। रात में मुकाबले आयोजित करने के लिए फ्लड लाइटें लगाने के साथ ही चेंजिंग रूम, शौचालय व पवेलियन सहित अन्य काम भी अभी बकाया हैं। संवाद