दुधवा टाइगर रिजर्व के जंगल में वन्यजीवों की गणना बृहस्पतिवार से शुरू होगी। प्रत्येक तीन साल बाद होने वाली गणना तीन चरणों में कराई जाएगी।
इस कार्य में वन कर्मी डीटीआर की संबंधित बीटों में शाकाहारी और मांसाहारी वन्यजीवों के पगचिह्न देखकर और विचरण कर रहे वन्य प्राणियों की गणना करेंगे। एफडी ने सभी वन अधिकारियों को गणना की मॉनीटरिंग के निर्देश दिए हैं।
दुधवा टाइगर रिजर्व के फील्ड डाइरेक्टर रमेश कुमार पांडेय ने बताया कि डीटीआर में शामिल बफरजोन, किशनपुर सेंक्चुरी ( वन्यजीव विहार) दुधवा नेशनल पार्क के अलावा कतर्निया घाट जंगल में रहने वाले शाकाहारी और मांसाहारी वन्यजीवों की गणना तीन चरणों में नौ, 16 और 23 मई के बीच होगी।
पहला चरण बृहस्पतिवार से शुरू होगा। एफडी ने बताया डीटीआर के दुधवा नेशनल पार्क के अलावा बफरजोन और कतर्निया घाट में क्रमश: 46, 47 और 41 बीटों में एक साथ गणना शुरू होगी। वन्यजीवों की गणना में पारदर्शिता लाने के लिए डीटीआर की सभी 144 बीटों में एक साथ तीन चरणों में गणना होगी।