हाल ही में कोरोनामुक्त घोषित उत्तर प्रदेश के बरेली में वायरस से हुई पहली मौत ने हर किसी को हैरान कर दिया। कोरोना संक्रमित युवक की मौत की खबर मिलते ही उसकी पत्नी बदहवास हो गई। पहले उसने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए फिर जब दूर से उसके पति का चेहरा दिखाया गया तो वह अपने जज्बातों पर काबू नहीं कर पाई।
उसने रोते हुए अपनी पहली मुलाकात का जिक्र किया और पति में कोरोना संक्रमण की पुष्टि से पहले घर में बच्चों के साथ बिताए लम्हों का वीडियो बनाकर वायरल कर दिया।
वीडियो में संक्रमित युवक की पत्नी यह कहते हुए दिख रही है कि अस्पताल के लोग उन दोनों को अलग करना चाहते हैं और उसे कहीं ले जाकर डाल देना चाहते हैं। कोई उससे पूछे कि उसके दिल पर क्या गुजरी है। एक-एक पल उसने उसके बिना कैसे गुजारा है।
परिवार के लोगों ने जब उसे वहां से अलग हटाने की कोशिश की तो वह कहने लगी- मुझे उनसे थोड़ी बातें कर लेने दो, हो सकता है मेरी बातें सुनकर वह उठकर मेरे पास आ जाएं, क्योंकि पत्नी ही पति के सबसे ज्यादा करीब होती है।
वह शव के पास जाकर कहने लगी कि लोग कह रहे हैं कि तुम्हें कोरोना हुआ है, ये सब पागल हैं, क्योंकि अगर तुम्हें कोरोना हुआ होता तो मुझे भी होता। बच्चे तुम्हारी गोद में बैठकर खेले थे, खाना खाया था, उन्हें तो कोरोना नहीं हुआ।
चंद पल खामोश होकर उसने पहली मुलाकात का जिक्र करते हुए गाना भी गाया, 'तेरे चेहरे से नजर नहीं हटती... नजारे हम क्या देखें' और 'चांद सी महबूबा हो ऐसा मैने सोचा था, हां मैं बिल्कुल वैसी हूं जैसा तुमने सोचा था'।
उसने कहा- पहली बार हम लोग अस्पताल में ही मिले थे, तभी उन्हें मुझसे मोहब्बत हो गई। उन्होंने अपने पापा को मेरे घर भेजा था। बाद में चांद सी महबूबा हो मेरी गीत गाकर भी सुनाया था। फिर हमारा रिश्ता तय हुआ और हमारी शादी हो गई। पत्नी ने कहा कि वो अक्सर पुराने गीत सुनते थे।