बरेली। बिहार के जिला किशनगंज के थाना पाठामारी ठाकुरगंज के गांव बाखोटोली निवासी मौलाना तौसीफ रजा की मौत का मामला गैर इरादतन हत्या की ओर मुड़ रहा है। मौलाना की पत्नी बस्सुम खातून ने एक ऑडियो रिकॉर्डिंग जीआरपी को उपलब्ध कराई है। इसमें मौलाना किसी शराबी व्यक्ति से झगड़ा होने की बात कह रहे हैं। वहीं, मामले में जांच कर रही जीआरपी को अब तक ऐसा कोई प्रत्यक्षदर्शी नहीं मिला है जिसने किसी यात्री को मौलाना से झगड़ते या उनको चलती ट्रेन से धक्का देते हुए देखा हो।
मौलाना तौसीफ रजा का शव 27 अप्रैल को सुबह सात बजे कैंट थाना क्षेत्र में पालपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास ट्रैक पर मिला था। वह उर्स-ए-ताजुश्शरिया में शामिल होकर 04314 योगनगरी ऋषिकेश-मुजफ्फरपुर विशेष ट्रेन से किशनगंज लौट रहे थे। मौलाना के पास जनरल टिकट था, लेकिन वह स्लीपर श्रेणी के कोच में यात्रा कर रहे थे।
चार मई को उनकी पत्नी बस्सुम ने बरेली पहुंचकर अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई। बस्सुम ने दावा किया कि उनको पति को ट्रेन में पीटने के बाद बाहर फेंक दिया गया। घटना से पहले मौलाना ने उनको कॉल पर बताया था कि ट्रेन में कुछ लोग उनसे झगड़ रहे हैं।
इंस्पेक्टर जीआरपी एसके वर्मा ने बताया कि कोच नंबर नौ और 10 के यात्रियों का डेटा रेलवे से लेने के बाद अब तक 144 लोगों से पूछताछ की जा चुकी है। हत्या का न तो कोई कारण स्पष्ट हो सका है और न ही किसी यात्री ने कोच में झगड़ा होने की बात बताई है। आरोपी की तलाश की जा रही है। मौलाना की पत्नी ने ऑडियो क्लिप उपलब्ध कराई है। इससे प्रतीत होता है कि उनका झगड़ा हुआ था। फिलहाल जांच जारी है।