बोले- खराब सड़कों पर पैसा लगाओगे या पहले से सही सड़कों पर खपाओगे
विज्ञापन
यूनानी मेडिकल कॉलेज, पीएसी भवन समेत सभी प्रोजेक्ट जल्द पूरे कराए जाएं
बरेली। लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता राजपाल शनिवार शाम बरेली पहुंचे। यहां उन्होंनेे लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। प्रमुख अभियंता ने अच्छी-भली डोहरा रोड का निर्माण कराने से हुई विभाग की फजीहत पर नाराजगी जताते हुए अफसरों की जमकर क्लास ली। पूछा-ठीक सड़क को दोबारा बनाने की क्या जरूरत थी। उन्होंने जिले में भवन निर्माण से जुड़े प्रोजेक्ट में तेजी लाने के निर्देश दिए। कहा, गुणवत्ता से खिलवाड़ की शिकायतें मुख्यालय तक पहुंचती हैं। ये ठीक नहीं है। गुणवत्ता में खेल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रमुख अभियंता ने डोहरा रोड का जिक्र करते हुए कहा कि ठीक सड़क को दोबारा बनवाने की कोई तुक नहीं थी। किन्हीं और खराब सड़कों के लिए बजट का प्रस्ताव भेजा जा सकता था। पूछा-खराब सड़कों पर पैसा लगाओगे या पहले से सही सड़कों पर बजट खपाओगे। बैठक के दौरान उन्होंने अन्य प्रोजेक्ट की भी प्रगति रिपोर्ट ली। प्रमुख अभियंता ने रामगंगा, सेटेलाइट, नकटिया और आईवीआरआई पुल की स्थिति के बारे में जानकारी ली। रामगंगा पुल के बारे में अधिकारियों ने बताया कि इस महीने के अंत तक पुल चालू कर दिया जाएगा। काम लगभग पूरा हो चुका है। सिर्फ एक तरफ की एप्रोच रोड बननी बाकी है। इसके बाद उसे आवागमन के लिए खोल दिया जाएगा। उन्होंने यूनानी अस्पताल, पीएसी भवन समेत भवन निर्माण के अन्य प्रोजेक्ट की समीक्षा की। बैठक में अधीक्षण अभियंता देवेश कुमार तिवारी, पीके बांगड़ी के साथ ही सभी खंडों के एक्सईएन भी मौजूद रहे।
आज करेंगे इंजीनियर्स भवन का उद्घाटन
बरेली। रविवार को प्रमुख अभियंता सीबीगंज में बन रहे इंजीनियर्स भवन का उद्घाटन करेंगे। इसी दौरान सर्किट हाउस में पौधरोपण भी करेंगे।