मलूकपुर के लोगों ने आबकारी विभाग के खिलाफ निकाली भड़ास
विज्ञापन
शराब की दुकान के विरोध में मंदिर के पट बंद कर धरना-प्रदर्शन जारी
बरेली। मलूकपुर में हनुमान मंदिर के सामने शराब की दुकान खोलने के विरोध में चल रहा धरना-प्रदर्शन दूसरे दिन भी जारी रहा। लोगों ने प्रशासन और आबकारी विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। कहा, मंदिर और बस्ती के बीच से शराब दुकानें हटाकर उन्हें अफसरों के बंगलों के बाहर शिफ्ट कर दिया जाए।
हिंदू जागरण एकता समिति की ओर से मलूकपुर में हनुमान मंदिर परिसर में बेमियादी धरना प्रदर्शन किया जा रहा है। मंदिर के पट कई दिन पहले से बंद हैं। धरना रोज सुबह दस बजे शुरू होकर शाम पांच बजे तक चलता है। बुधवार को दूसरे दिन भी धरना जारी रहा। इसमें महिलाएं भी शामिल हुईं। समिति के प्रदेश अध्यक्ष मनोज सक्सेना ने कहा कि मंदिर के सामने से शराब की दुकान न हटने तक मंदिर के पट बंद रहेंगे और धरना भी जारी रहेगा। उन्होंने आबकारी विभाग और प्रशासन पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया। कहा, उन्होंने कमिश्नर को संबोधित ज्ञापन में प्रस्ताव दिया है कि अगर शराब की दुकानें मंदिर के पास खोली जा सकती हैं तो अफसरों के आवास के बाहर क्यों नहीं खोली जा सकतीं। अफसरों के बंगलों के बाहर खाली जगह में वेंडिंग जोन बनाकर वहां शराब की दुकानें स्थापित कर दी जाएं। वहां अतिरिक्त सुरक्षा की भी जरूरत नहीं होगी।