बरेली में बुधवार को रुकरुक कर होती रही बारिश।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
मौसम विभाग का पूर्वानुमान- छाए रहेंगे बादल, हफ्ते भर बाद तेज बारिश
बरेली। बीते तीन दिनों से चल रहा बारिश का दौर बुधवार को भी जारी रहा। सुबह तेज बारिश के बाद दोपहर तीन बजे के बाद फिर रिमझिम होने से मौसम खुशगवार हो गया। हवाओं में नमी घुलने से शाम को हल्की ठंड का भी एहसास लोगों को हुआ। मौसम विभाग ने फिलहाल बादल छाए रहने और हल्की मध्यम बारिश के आसार जताए हैं।
आंचलिक मौसम अनुसंधान केंद्र के डायरेक्टर डॉ. जेपी गुप्ता के मुताबिक लगातार तीसरे दिन भी बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज हो रही है। मगर, खिल रही धूप की वजह से उमस भी हावी हो रही है। बताया कि अगले करीब हफ्ते भर तक कमोवेश ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना है। 29 जून से बारिश में तेजी के आसार हैं। जिसे देखते हुए किसानों को सजग रहने की जरूरत है। बुधवार को अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 35.0 डिग्री और न्यूनतम 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, हवा में नमी का स्तर 84 से 91 फीसद तक दर्ज हुआ है। दो दिन तक तापमान में एक डिग्री तक की बढ़त दर्ज होने की आशंका है।