लॉकडाउन तोड़ने वालों के साथ सख्ती बरतती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
इज्जतनगर में लाठीचार्ज के बाद शहर में सन्नाटा, खुराफाती लड़के अब घरों के अंदर
बरेली। बैरियर वन चौकी पर पहुंचकर सोमवार को पुलिस पर हमलावर हुई भीड़ पर जबर्दस्त लाठीचार्ज का असर मंगलवार को पूरे शहर में दिखाई दिया। उपद्रवियों की पिटाई के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शहर के कई ऐसे इलाके मंगलवार को सुनसान नजर आए जहां अब तक लॉक डाउन बेअसर दिखाई दे रहा था।
कोरोना संक्रमण रोकने के लिए लागू लॉक डाउन का शुरू से ही शहर के कई इलाकों में लगातार उल्लंघन हो रहा था। पुलिस की सख्ती के बावजूद लोग भीड़ की शक्ल में इकट्ठे हो रहे थे। ऐसे ज्यादातर नजारे मुस्लिम बहुल इलाकों में दिख रहे थे, कुछ हिंदुओं के इलाकों में भी लॉक डाउन को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा था। सोमवार को इज्जतनगर के गांव करमपुर चौधरी में बैरियर वन पुलिस ने लॉक डाउन तोड़ रहे लोगों पर सख्ती की कोशिश की तीन सौ से ज्यादा लोगों को भीड़ चौकी पर पहुंचकर बवाल करने के साथ पुलिस पर हमला भी कर दिया था। दूसरे थानों से फोर्स पहुंचने के बाद भीड़ को लाठीचार्ज करके खदेड़ा गया। इसके बाद गांव में दबिश देकर कई महिलाओं समेत पुलिस ने 44 लोगों को भी गिरफ्तार कर लिया।
करमपुर चौधरी में पुलिस की इस कार्रवाई का असर मंगलवार को पूरे शहर में दिखाई दिया। घनी आबादी वाले सैलानी, पुराना शहर, कांकरटोला, आजमनगर जैसे कई इलाकों में भी सन्नाटा पसरा रहा। नियमों का उल्लंघन करने वाले लोग पुलिस को देखते ही घर की तरफ दौड़ने लगे। यह सिलसिला मंगलवार को भी बना रहा।